राजनीति रायगढ़ : मोदी भक्ति में डूबी भाजपा को नहीं दिख रहा जनाक्रोश – हरेराम तिवारी

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हरेराम तिवारी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर में बढ़ते विरोध-प्रदर्शन इस बात का संकेत हैं कि जनता अब केवल भाषण और प्रचार नहीं, बल्कि अपने सवालों के जवाब चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा में इतना व्यस्त है कि उसे जनता का बढ़ता असंतोष दिखाई नहीं दे रहा।

प्रदेश सरकार पर लगाए कई आरोप

हरेराम तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली कटौती, बढ़ते बिजली बिल, महंगाई, अपराध, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपतियों के हित में प्रदेश की जल, जंगल और जमीन सहित प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है, जबकि जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

जनआक्रोश बढ़ने का किया दावा

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बलौदाबाजार, तमनार, सरगुजा, जशपुर सहित अन्य क्षेत्रों की घटनाएं जनता के भीतर बढ़ते असंतोष का संकेत हैं। उनका दावा है कि युवाओं और आम लोगों का धैर्य अब जवाब देता दिखाई दे रहा है, लेकिन सरकार जमीनी समस्याओं को समझने के बजाय केवल अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में लगी हुई है।

सरकार को दी नसीहत

हरेराम तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च होती है। उन्होंने भाजपा सरकार को सलाह देते हुए कहा कि अभी भी समय है कि सत्ता का अहंकार छोड़कर जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने कहा कि यदि जनता की आवाज़ को लगातार अनसुना किया गया, तो भविष्य में जनाक्रोश बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।

Advertisement
Share This Article