गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ जिला जीपीएम द्वारा सेवा एवं सामाजिक सरोकार के तहत गौरेला तहसील के दौंजरा प्राथमिक शाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, कपड़े एवं फलदार पौधों का उपहार दिया गया।
बच्चों को बांटी गई सामग्री
शिक्षा प्रकोष्ठ जिला संयोजक प्रकाश नामदेव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला सह संयोजक विकास त्यागी, जयदीप जैन गोहालिया, मीडिया प्रभारी अवनीश पांडे एवं बिलासपुर संभाग व जिला प्रभारी जय मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन-अध्यापन को लेकर चर्चा की और बच्चों को कॉपी, पेंसिल एवं पेन वितरित किए।
कार्यक्रम में प्राथमिक शाला के 25 विद्यार्थियों को सिलाई किए हुए कपड़ों के सेट भी प्रदान किए गए। वहीं आंगनबाड़ी के बच्चों को भी पेंसिल, कटर एवं कपड़े वितरित किए गए।
बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पहाड़े और सामान्य ज्ञान की जानकारी प्रस्तुत की। कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों ने 10 तक के पहाड़े तथा बड़े बच्चों ने 20 तक के पहाड़े सुनाए। बच्चों ने राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, भोजन मंत्र एवं सरस्वती वंदना भी प्रस्तुत की।
विद्यालय परिसर में किया वृक्षारोपण
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा प्रकोष्ठ जीपीएम, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर्स कल्याण संघ एवं ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के सहयोग से विद्यालय परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
बच्चों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी जय मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित किया। विद्यालय की शिक्षिका ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।




