सूरजपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक चलेगा। अभियान के तहत सामाजिक समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में दी अभियान की जानकारी
एमसीबी जिले के भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन समानता, मानवता और सेवा का संदेश देता है। उनका ‘बेगमपुरा’ दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां भेदभाव और अन्याय का स्थान न हो।
देशभर में होंगे विविध कार्यक्रम
बाबूलाल अग्रवाल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समरसता दीप महोत्सव
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान हजारों स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
कलश वंदन अभियान
29 जुलाई से 10 सितंबर तक गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर में पहुंचाए जाएंगे। विभिन्न राज्यों में इन कलशों की स्थापना की जाएगी।
संत संपर्क और समरसता यात्रा
अभियान के तहत संत संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें संत-महात्माओं का सम्मान कर गुरु रविदास महाराज के विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वहीं अक्टूबर से नवंबर तक समरसता यात्रा भी निकाली जाएगी।
युवाओं को जोड़ा जाएगा अभियान से
छात्रावास संपर्क अभियान के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों के बीच समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी गुरु रविदास महाराज के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा ले सके।
सामाजिक एकता को मिलेगा बल
बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, जिला संयोजक देवधन बिंझीया, संतोष सोनी, हरीश राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




