कोरबा। जिले के सलोरा-छुरी गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में धान की रोपाई कर रहे तीन किसानों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बकरा बाजार स्थित खेत की है।
25 से 30 किसान कर रहे थे धान रोपाई
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय करीब 25 से 30 किसान खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खेत की मेढ़ पर बिजली गिरने से तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना के बाद साथी किसानों ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान:
- बहुरंन (44 वर्ष)
- लक्ष्मी चंद (48 वर्ष)
- श्याम साहू (58 वर्ष)
तीनों किसान सलोरा-छुरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
पश्चिम बंगाल तट पर बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
बारिश का आंकड़ा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक वर्षा सामान्य से 19 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 59 प्रतिशत अधिक बारिश और सरगुजा में सबसे कम 49 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है।




