नारायणपुर। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नक्सल विरोधी अभियानों की प्रभावी रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
एसपी संदीप कुमार पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने की। इस दौरान जिले की आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियानों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सुरक्षा अभियानों और तैयारियों की हुई समीक्षा
बैठक में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, सुरक्षा बलों के बीच आपसी समन्वय, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, सुरक्षा शिविरों की व्यवस्थाओं, लॉजिस्टिक आवश्यकताओं और मानसून के दौरान सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को संयुक्त अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आम जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बेहतर समन्वय और सतर्कता पर जोर
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को बेहतर तालमेल के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को त्वरित सूचना साझा करने, योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त अभियान चलाने, मानसून के दौरान संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतत सतर्क रहने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अक्षय साबद्रा एवं ऐश्वर्य चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक लोकेश बंसल, मनोज मंडावी, अविनाश कंवर, आशीष नेताम एवं अमृता पैंकरा, विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रतिनिधि तथा 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी उपस्थित रहे।




