पेण्ड्रा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पेण्ड्रा के तत्वावधान में शनिवार को दुर्गा चौक से कैंडल जलाकर ‘विजय मार्च’ निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, छात्र, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए शिक्षा और जनहित के मुद्दों पर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
कैंडल मार्च निकालकर लिया संघर्ष का संकल्प
विजय मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में कैंडल लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। पूरे मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
‘छात्रों और युवाओं की जीत’ : उत्तम वासुदेव
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम वासुदेव ने कहा कि यह केवल एक मंत्री के इस्तीफे का मामला नहीं, बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लगातार छात्रों, युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया, जिसके परिणामस्वरूप यह स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि जनता की लोकतांत्रिक आवाज का सम्मान करना हर सरकार की जिम्मेदारी है।
‘युवाओं के अधिकारों की रक्षा हमारी प्राथमिकता’ : राकेश जालान
नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि यह विजय मार्च देश के युवाओं, छात्रों और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे पर पहले भी जनता के साथ थी और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम वासुदेव, सादिक खान, जयदत्त तिवारी, मनीष केशरी, विजय सोनी, रईस खान, पारस चौधरी, शाहिद राईन सहित बड़ी संख्या में युवा, छात्र, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






