पेपर लीक और बेरोजगारी पर भाजपा जवाब दे, युवाओं के सवालों से ध्यान न भटकाए : वसीम खान

Advertisement
Advertisement

राहुल गांधी पर हमले के बजाय सरकार रोजगार, भर्ती और परीक्षा व्यवस्था पर दे जवाब – जिला कांग्रेस महामंत्री

रायगढ़। जिला कांग्रेस रायगढ़ शहर के महामंत्री वसीम खान ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रेस विज्ञप्ति को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि भाजपा राहुल गांधी पर व्यक्तिगत हमले कर देश के युवाओं से जुड़े वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों, बेरोजगार युवाओं और उनके परिवारों की आवाज बनकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं।

रोजगार और भर्ती पर सरकार को घेरा

वसीम खान ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज भी लाखों सरकारी पद खाली हैं। करोड़ों पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप सामने आते रहे हैं।

पेपर लीक से युवाओं का टूटा भरोसा

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं की मेहनत और भविष्य को प्रभावित किया है। वहीं, NEET-UG और UGC-NET जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं पर उठे सवालों ने भी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को कमजोर किया है।

राहुल गांधी ने उठाई छात्रों की आवाज

वसीम खान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद के भीतर और बाहर पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों के भविष्य का मुद्दा मजबूती से उठाया। उन्होंने छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

सरकार से पूछे पांच सवाल

वसीम खान ने भाजपा और केंद्र सरकार से पूछा—

  • हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा कहां गया?
  • लाखों रिक्त सरकारी पदों पर नियुक्तियां कब होंगी?
  • पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी कौन लेगा?
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री से अब तक इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया?
  • युवाओं और छात्रों की मांगों पर सरकार खुलकर जवाब क्यों नहीं दे रही?

लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान हो

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और सरकार से जवाब मांगना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

कांग्रेस युवाओं की आवाज बनी रहेगी

वसीम खान ने कहा कि देश का युवा भाषण नहीं, बल्कि रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और जवाबदेह सरकार चाहता है। कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।

Advertisement
Share This Article