ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी गांजे की खेप, 16.24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 26.484 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा और तस्करी में प्रयुक्त आई10 कार सहित 16.24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई कार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि OD-15-P-1800 नंबर की सफेद आई10 कार में ओडिशा से अवैध गांजा लेकर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के निर्देशन में पुलिस टीम ने कटकलिया-फोकटपारा तिराहा के पास नाकाबंदी की।
पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
13 पैकेट गांजा बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय (24 वर्ष), निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर कार से 13 पैकेटों में कुल 26.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये बताई गई। साथ ही लगभग 3 लाख रुपये कीमत की आई10 कार भी जब्त कर ली गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक राम प्रसाद चौहान, आरक्षक शशिभूषण उरांव एवं राजू तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले की सीमाओं का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




