रायगढ़। Kharsia Road Accident मामले में रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग को टक्कर मारकर करीब 200 से 250 फीट तक घसीटने वाले स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर अपराधिक मानव वध के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी हैं।
बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में उपचार जारी
प्रार्थी योगेश गर्ग, निवासी टीआईटी कॉलोनी, खरसिया की शिकायत के अनुसार 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:45 बजे उनके बड़े पिता कैलाश गर्ग (73 वर्ष) मोटरसाइकिल से राठौर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (CG 13 AY 6539) के चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मोटरसाइकिल को लगभग 200 से 250 फीट तक घसीटता चला गया, जिससे कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जारी है।
शराब के नशे में चला रहा था वाहन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी भीष्म कुमार यादव (34 वर्ष) निवासी ग्राम उपनी, थाना डभरा, जिला सक्ती को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने दुर्घटना करना स्वीकार किया। जांच में घटना के समय उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी जोड़ी गई।
वाहन जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया है। साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराधिक मानव वध के प्रयास सहित प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार किसी की जान ले सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रखेगी।




