Bilaspur Education News : छात्राओं ने घर-घर चलाया हस्ताक्षर अभियान, शिक्षा, जल संरक्षण और नशा मुक्ति का दिया संदेश

Advertisement
Advertisement

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद की छात्राओं ने विद्यालय–समुदाय सहभागिता को बनाया मजबूत, हजारों लोगों को जागरूक किया।

सामाजिक जागरूकता के लिए चलाया गया अभियान

बिलासपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद, विकासखंड बिल्हा में व्याख्याता एवं नवाचारी शिक्षिका शांति सोनी के मार्गदर्शन में विद्यालय–समुदाय सहभागिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

अभियान के माध्यम से मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, जल संचयन एवं जल संरक्षण तथा “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो” जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना तथा विद्यालय और समुदाय के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना रहा।

छात्राओं ने घर-घर पहुंचकर किया जनसंपर्क

अभियान के तहत कक्षा 11वीं की छात्राएँ राधिका निषाद, ममता चौहान और हेमलता तथा कक्षा 9वीं की छात्रा दीपा साहू ने अपने अभिभावकों और ग्रामीणों के सहयोग से घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया।

छात्राओं ने शिक्षा के महत्व, विद्यालय की गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार करते हुए बड़ी संख्या में लोगों के हस्ताक्षर भी एकत्र किए।

हजारों हस्ताक्षर जुटाकर पेश की मिसाल

अभियान के दौरान राधिका निषाद ने अकेले 2,000 से अधिक हस्ताक्षर एकत्र किए। वहीं दीपा साहू ने अपनी माता श्रीमती रूपवती साहू के सहयोग से 2,000 से अधिक हस्ताक्षर जुटाकर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। अन्य छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का मिला संदेश

व्याख्याता शांति सोनी ने कहा कि जब विद्यार्थी विद्यालय की चारदीवारी से बाहर निकलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनते हैं, तभी शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Advertisement
Share This Article