3,848 निवेशकों से 40.78 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी मामले में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, आरोपी विजय कुमार शराफ न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
फरार आरोपी को कोतरारोड़ से पकड़ा
रायगढ़। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने सहारा इंडिया निवेश घोटाले में करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को 20 जुलाई 2026 को कोतरारोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला
मामले की शिकायत वर्ष 2022 में कृष्णा विहार कॉलोनी रायगढ़ निवासी विकास निगानिया ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता और आरबीआई से अधिकृत होने का झूठा भरोसा दिलाकर वर्ष 2017 में उनसे, उनकी माता और पत्नी से अलग-अलग योजनाओं में करीब 40 लाख रुपये निवेश कराए थे।
परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई। जांच में सामने आया कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर रकम लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉण्ड जारी किए गए और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई।
जांच में कई अधिकारियों की संलिप्तता आई सामने
विवेचना के दौरान जिला प्रशासन, बैंकों, मंत्रालयों और निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों और रीजनल अधिकारियों की संलिप्तता सामने आई।
इस मामले में पुलिस पहले ही सहारा इंडिया रायगढ़ के पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, खरसिया के पूर्व शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करूणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास और बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीष तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है।
3,848 निवेशकों से 40 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी
पुलिस जांच में रायगढ़ जिले सहित अन्य जिलों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर अब तक 3,848 निवेशकों से कुल 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
आरोपी से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी विजय कुमार शराफ फरार होकर छिप रहा था। उसके कोतरारोड़ स्थित ससुराल आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। उसके कब्जे से सहारा इंडिया कंपनी के फ्रेंचाइजी कार्यालय कबीर चौक से संबंधित विकास एवं प्रशासन आदेश पत्र तथा कंपनी से जुड़े एमओयू की प्रतियां जब्त की गईं।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी से आई कार्ड, नियुक्ति एवं कार्य आदेश संबंधी दस्तावेज, बैंक खाते, जमीन संबंधी दस्तावेज, धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि सहारा इंडिया निवेश घोटाले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। नए साक्ष्य मिलने पर आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और आम जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




