रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर 5 जुआ फड़ों में दबिश, 90 लाख की 7 कारें, 57 हजार नगद और जुआ सामग्री जब्त
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत छाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
5 जुआ फड़ों पर एक साथ हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, धसकामुड़ा गांव के मेला स्थल के बाहर बड़े पैमाने पर जुआ खिलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छाल पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर पांच अलग-अलग जुआ फड़ों पर कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने जुआ खेलने और खिलाने के लिए पहुंचे आरोपियों के कब्जे से 7 चारपहिया वाहन, जिनमें इनोवा, बोलेरो, अर्टिगा, KIA और ऑल्टो कार शामिल हैं, जब्त किए हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है।
57 हजार नगद और जुआ सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 57,140 रुपये नगद और जुआ खेलने में उपयोग की जा रही 5 गैस लाइट भी जब्त की हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो धसकामुड़ा बस्ती के बाहर एकत्र होकर जुआ खेल रहे थे।
33 आरोपियों पर जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
सभी 33 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।


