सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में वारदात, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। 22 वर्षीय युवक मोहम्मद शाकिब की सात दिनों तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद रविवार को मौत हो गई। आरोप है कि परिचित युवकों ने शराब पार्टी के बहाने उसे सुनसान जगह पर बुलाकर विवाद के बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
शराब पार्टी के बहाने बुलाया था युवक को
जानकारी के अनुसार, रामसागर पारा निवासी मोहम्मद शाकिब को 12 जुलाई की शाम उसका परिचित सोनू शराब पार्टी का बहाना बनाकर घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद उसे सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित एक खाली मैदान में ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने शाकिब पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही थी। करीब सात दिनों तक उपचार के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ समय पर सख्त कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
पुलिस ने मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


