Mahadevshal Shravani Mela 2026 : महादेवशाल श्रावणी मेले को लेकर रेलवे की तैयारी शुरू, 30 जुलाई से 28 अगस्त तक 11 जोड़ी ट्रेनें रुकेंगी

Advertisement
Advertisement

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने जारी की ट्रेनों की सूची, टिकट काउंटर, पेयजल और सुरक्षा के विशेष इंतजाम

चक्रधरपुर। झारखंड के प्रसिद्ध महादेवशाल श्रावणी मेला 2026 को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक महादेवशाल रेलवे स्टेशन पर 11 जोड़ी एक्सप्रेस एवं मेमू ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। रेलवे ने इसकी आधिकारिक सूची भी जारी कर दी है।

इन ट्रेनों का रहेगा महादेवशाल स्टेशन पर ठहराव

श्रावणी मेले के दौरान जिन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव रहेगा, उनमें बादामपहाड़–राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस, दानापुर–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस, हावड़ा–टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा–कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस, पुरी–ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस, हावड़ा–जगदलपुर संबलेश्वरी एक्सप्रेस, टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस, टाटा–इतवारी एक्सप्रेस, टाटा–बिलासपुर एक्सप्रेस, चक्रधरपुर–राउरकेला सारंडा मेमू तथा टाटा–राउरकेला मेमू शामिल हैं। इन ट्रेनों का निर्धारित समयानुसार महादेवशाल स्टेशन पर ठहराव रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

श्रद्धालुओं के लिए रेलवे करेगा विशेष व्यवस्था

रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Senior DCM) आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए महादेवशाल स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टेशन परिसर में अतिरिक्त टिकट काउंटर, वाणिज्य विभाग के कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तैनाती तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अन्य ट्रेनों के ठहराव पर भी किया जा रहा विचार

रेलवे अधिकारियों के अनुसार फिलहाल 11 जोड़ी ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी गई है। यदि श्रद्धालुओं की संख्या और आवश्यकता बढ़ती है तो अन्य महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थायी ठहराव पर भी विचार किया जाएगा।

Advertisement
Share This Article