राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर गिट्टी से भरा डंपर अनियंत्रित होकर मकान से टकराया, तीन लोग घायल और चार गायों की मौत
बलरामपुर, 17 जुलाई 2026। जिले में आज सुबह संयुक्त जिला कार्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराया। दुर्घटना में घर में मौजूद एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जबकि चार गायों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचीं कलेक्टर
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचीं और हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
दुर्घटनास्थल पहुंचकर परिवार से की मुलाकात
इसके बाद कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घायल परिवार की महिला श्रीमती लालमुनि से मिलकर घटना पर संवेदना व्यक्त की और प्रशासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रशासन रख रहा लगातार नजर
जिला प्रशासन द्वारा पूरे मामले की सतत निगरानी की जा रही है। प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।


