Narayanpur Police : नवनियुक्त एसपी संदीप पटेल ने थाना प्रभारियों की ली पहली समीक्षा बैठक, ट्रस्ट बिल्डिंग को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

Advertisement
Advertisement

कानून-व्यवस्था, नक्सल संक्रमणकाल, सीएम हेल्पलाइन, साइबर शिकायतों और सीसीटीएनएस की विस्तृत समीक्षा, समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

नारायणपुर। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल (भा.पु.से.) ने सभी थाना प्रभारियों की पहली समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, नक्सल गतिविधियों, जनसंपर्क और पुलिसिंग व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया। बैठक में प्रत्येक थाना क्षेत्र की चुनौतियों, सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों, संवेदनशील क्षेत्रों और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावी पुलिसिंग के निर्देश दिए।

ट्रस्ट बिल्डिंग पर विशेष जोर

एसपी संदीप पटेल ने कहा कि नारायणपुर वर्तमान में नक्सल समस्या के बाद संक्रमणकाल से गुजर रहा है। ऐसे समय में पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आम जनता के साथ विश्वास का मजबूत रिश्ता बनाना है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित ग्राम भ्रमण, जनसंवाद और समस्याओं के संवेदनशील एवं त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए Trust Building को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों पर सतर्क निगरानी के निर्देश

बैठक में थाना प्रभारियों से स्थानीय राजनीतिक समीकरण, सामाजिक संगठनों की गतिविधियों, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनसमस्याओं की जानकारी ली गई। एसपी ने जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

सीसीटीएनएस और अन्य पोर्टलों में शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करें

समीक्षा के दौरान एसपी ने CCTNS, iRAD, e-DAR और MedLeaPR सहित सभी ऑनलाइन पोर्टलों में समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन और गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए ताकि पुलिसिंग और जांच व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।

सीएम हेल्पलाइन और साइबर शिकायतों का त्वरित निराकरण

एसपी संदीप पटेल ने CM Helpline और National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP) के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अनुशासन और जनसेवा पर दिया जोर

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article