जशपुर पुलिस का अभिनव सम्मेलन, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति अभियान में निभाएंगे अहम भूमिका
जशपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने पुलिस मितान सम्मेलन का आयोजन किया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में थाना कुनकुरी, कांसाबेल, तपकरा, फरसाबहार तथा दोकड़ा, उपकछार और करडेगा क्षेत्र के लगभग 1000 पुलिस मितानों को पुलिस मितान टी-शर्ट एवं डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर वितरित किए गए। जिले के सभी 5,012 पुलिस मितानों को चरणबद्ध तरीके से यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
QR कोड से मिलेगी पुलिस मितान की पूरी जानकारी
Jashpur Police Mitan पहल के तहत प्रत्येक पुलिस मितान अपने दोपहिया वाहन पर डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर लगाएगा। कोई भी नागरिक इस क्यूआर कोड को स्कैन कर संबंधित पुलिस मितान का नाम, ग्राम और संपर्क नंबर जैसी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेगा। इससे आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, साइबर ठगी, महिला एवं बाल सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा अन्य मामलों में ग्रामीणों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।
जनजागरूकता अभियानों में निभाएंगे अहम भूमिका
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान अपने गांवों में पुलिस और आमजन के बीच मजबूत सेतु बनकर कार्य करेंगे। वे सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, टोनही प्रताड़ना, मानव तस्करी, गौ तस्करी, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
सड़क सुरक्षा और राहवीर योजना पर दिया गया प्रशिक्षण
यातायात डीएसपी के.आर. चौहान ने पुलिस मितानों को हेलमेट, सीट बेल्ट, सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राहवीर (Good Samaritan) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और सम्मान दिया जाता है।
ग्राम कोटवारों के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर
सम्मेलन में ग्राम कोटवारों से पुलिस मितानों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस मितानों और ग्राम कोटवारों के संयुक्त प्रयासों से गांवों में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और जनजागरूकता को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
समाज सेवा का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस मितानों ने सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति और सामाजिक सुरक्षा अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।



