सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित भुगतान की मांग, 250 से अधिक हितग्राहियों ने सौंपा आवेदन
रायगढ़। सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित हितग्राहियों के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को रायगढ़ में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस भवन से शुरू हुई रैली बेटी बचाओ चौक होते हुए वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक के निवास तक पहुंची। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पेंशन हितग्राहियों ने शांतिपूर्वक मार्च निकाला तथा लंबित पेंशन भुगतान की मांग उठाई।
बड़ी संख्या में शामिल हुए हितग्राही
प्रदर्शन में लगभग 250 पेंशन हितग्राही शामिल हुए। इनमें विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के सदस्य, वृद्धजन, विधवाएं, निराश्रित महिलाएं, दिव्यांगजन, आम नागरिक तथा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस के अनुसार रायगढ़ शहर में लगभग 250 विधवा पेंशन हितग्राही और जिले में करीब 11 हजार निराश्रित पेंशन लाभार्थियों का भुगतान लंबित है।
शाखा यादव ने सरकार पर साधा निशाना
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने आरोप लगाया कि समाज के सबसे कमजोर वर्ग—वृद्ध, विधवा, निराश्रित और दिव्यांग—को महीनों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के लिए पेंशन जीवनयापन का महत्वपूर्ण सहारा है, उन्हें अपने अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में हितग्राहियों का प्रदर्शन में शामिल होना उनकी मजबूरी को दर्शाता है।
कलेक्टर के नाम सौंपा गया आवेदन
प्रदर्शन के दौरान हितग्राहियों ने लंबित पेंशन के कारण हो रही आर्थिक परेशानियों को साझा किया। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी प्रभावित हितग्राहियों से आवेदन भरवाकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा तथा शीघ्र पेंशन स्वीकृत करने और लंबित राशि का भुगतान करने की मांग की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को वैधानिक अधिकार से वंचित रखना सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी पात्र हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृत कर लंबित भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



