Fertilizer News : उर्वरक बिक्री में अनियमितता पर प्रशासन सख्त, 5 दुकानों की बिक्री पर रोक, एक का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने की शिकायत पर नोटिस जारी, कृषि विभाग की लगातार कार्रवाई

बलरामपुर। किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में कृषि विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा जिले में उर्वरक दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान 5 दुकानों पर खाद विक्रय पर प्रतिबंध, 1 दुकान को कारण बताओ नोटिस तथा 1 दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई है।

अनियमितता मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई

कृषि विभाग के अनुसार विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंडरी स्थित सुरेन्द्र खाद भंडार के खिलाफ अनियमितता की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में खाद बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत

वाड्रफनगर स्थित जायसवाल फर्टिलाइजर्स की भी शिकायत के आधार पर जांच की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 532 रुपये निर्धारित मूल्य वाले उर्वरक के लिए उससे 600 रुपये वसूले गए। जांच टीम ने संबंधित बिलों की जांच की तथा शिकायतकर्ता और दुकान संचालक दोनों के बयान दर्ज किए।

दुकान संचालक को जारी किया नोटिस

प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर कृषि विभाग ने दुकान संचालक को मौके पर ही कारण बताओ नोटिस जारी किया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

किसानों के हित में जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उर्वरक की कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या अन्य किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article