राहगीर से शराब के लिए पैसे मांगकर की थी मारपीट, 24 घंटे के भीतर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
रायगढ़। शहर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़पारा शराब भट्ठी के पास राहगीरों से विवाद और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर जमानतीय धाराओं में कार्रवाई की है।
शराब भट्ठी के पास बढ़ाई गई निगरानी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। बड़पारा शराब भट्ठी के आसपास राहगीरों से विवाद और मारपीट की शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ाई थी।
पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार 10 जुलाई 2026 को बेलादुला, खर्राघाट निवासी बासुदेव मांझी (39 वर्ष) बड़पारा शराब भट्ठी के पास गुटखा लेने गया था। इसी दौरान विवेक सराफ ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर विवेक सराफ ने अपने साथी अनमोल पाण्डेय और शिवा सोनवानी के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 119(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- विवेक सराफ (41 वर्ष), निवासी बाउलीकुआ, थाना कोतवाली, रायगढ़
- अनमोल पाण्डेय (19 वर्ष), निवासी चिराईपानी, थाना पूंजीपथरा, रायगढ़
- शिवा सोनवानी (23 वर्ष), निवासी गोढ़ीकला, जिला जशपुर, हाल निवासी बोन्दाटिकरा, रायगढ़
सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, गुंडागर्दी और आम नागरिकों को भयभीत करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




