स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सख्ती
अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सरगुजा पुलिस ने बाइकर्स गैंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 158 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। यह कार्रवाई थाना कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणिपुर, कोतवाली अंबिकापुर और यातायात शाखा की संयुक्त टीम ने की।
वायरल वीडियो के बाद चला अभियान
हाल ही में थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र में बाइकर्स गैंग द्वारा सड़क पर खतरनाक स्टंट करने और यातायात नियमों की अनदेखी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
158 वाहनों पर कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 158 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें—
- यातायात शाखा – 50 वाहन
- थाना कमलेश्वरपुर – 55 वाहन
- थाना दरिमा – 40 वाहन
- थाना कोतवाली अंबिकापुर – 8 वाहन
- थाना मणिपुर – 5 वाहन
शामिल हैं। सभी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को चेतावनी
अभियान के दौरान पकड़े गए नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हेल्पलाइन पर दें सूचना
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर बाइकर्स गैंग द्वारा स्टंटबाजी, सड़क जाम या तेज आवाज वाले साइलेंसर से लोगों को परेशान करने जैसी गतिविधियां दिखाई दें, तो इसकी सूचना 9479193599 या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।




