खटकुरबहाल में बदमाशों ने डंपर को बनाया निशाना
ओडिशा के सुंदरगढ़ पुलिस जिले के कुतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खटकुरबहाल में गिट्टी लादकर जा रहे एक डंपर पर चार असामाजिक तत्वों ने फायरिंग कर दी। घटना बुधवार तड़के करीब 3:20 बजे की बताई जा रही है। हमलावर दो मोटरसाइकिलों में सवार थे और काफी देर से डंपर का पीछा कर रहे थे।
चालक ने बचाई अपनी जान, मौके से मिले खोखे
जानकारी के अनुसार डंपर क्रमांक JH-07-K-4182 के चालक बनारसी ओराम ने हमले के दौरान सूझबूझ दिखाते हुए खुद को गोलियों से बचा लिया। घटना की जानकारी चालक ने डंपर मालिक सावन लहरी को फोन के माध्यम से दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कुतरा थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच, साइंटिफिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही कुतरा थाना प्रभारी लोकेश साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को गोलियों के खोखे मिले, जिन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए साइंटिफिक टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है।
लेवी मांगने का आरोप, पुलिस कई पहलुओं पर कर रही जांच
डंपर मालिक सावन लहरी ने पुलिस को बताया कि सड़क पर डंपर संचालन के एवज में उनसे लेवी की मांग की जा रही थी। लेवी नहीं देने पर इस गोलीकांड को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई गई है।
फिलहाल कुतरा थाना पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




