NH-43 पर मचा हड़कंप
सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर चलती हाईवा में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
घटना ग्राम सोनतराई स्थित देवगढ़ मोड़ के पास हुई। आग लगते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और तीनों घायलों को हाईवा से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
आग से हाईवा पूरी तरह चपेट में
हादसे के बाद हाईवा में आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
हाइवे पर लगा लंबा जाम
घटना के कारण अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने व्यवस्थित कराया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हाईवा में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।




