बलरामपुर हादसा : दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में लगी आग

Advertisement
Advertisement

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों बाइक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।

बारिश के दौरान आमने-सामने भिड़ीं बाइक

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच वाड्रफनगर-बलंगी मार्ग पर चुरैला नाला के समीप दो बाइक सवारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद बाइक सवार एक महिला सहित तीन युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों बाइक में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।

ससुराल से पत्नी को लेकर लौट रहा था युवक

बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल एक युवक की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और वह अपनी पत्नी को ससुराल से लेकर वापस लौट रहा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बारिश के दौरान तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Advertisement
Share This Article