मतपत्रों के माध्यम से हुआ लोकतांत्रिक निर्वाचन, निर्वाचित छात्राओं को प्राचार्य ने दिलाई जिम्मेदारी निभाने की सीख
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के उत्कृष्ट विद्यालय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकोला में छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय की निर्वाचन टीम ने मतपत्रों के माध्यम से मतदान कराया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया।
शिवांगी तिवारी बनीं शाला नायिका
चुनाव परिणाम के अनुसार कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की छात्रा शिवांगी तिवारी को शाला नायिका तथा कक्षा 12वीं कला संकाय की साक्षी नेटी को उप शाला नायिका चुना गया।
इन छात्राओं को मिली विभिन्न जिम्मेदारियां
लोकतांत्रिक निर्वाचन में कक्षा 12वीं विज्ञान की जास्मीन सांस्कृतिक सचिव, कक्षा 12वीं वाणिज्य की आँचल धाकरे क्रीड़ा सचिव, कक्षा 12वीं कला की गरिमा केवट स्वच्छता सचिव, संजना बागवानी सचिव तथा पीहू पुरी अनुशासन सचिव निर्वाचित हुईं।
निष्पक्ष चुनाव के बाद किया गया सम्मान
प्राचार्य कुंज बिहारी दीक्षित के मार्गदर्शन में छात्र संघ प्रभारी व्याख्याता रीता सिंह सोलंकी, अंजना खललो, राखी राय, खुशबू बंजारे, खेल प्रशिक्षक रितेश सिंह एवं विद्यालय के अन्य स्टाफ ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य ने सभी निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र संघ विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने और विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


