‘संस्कारों से युक्त रायगढ़, नशा-सट्टा से मुक्त रायगढ़’ अभियान के तहत स्कूलों में भी चलाया गया जागरूकता अभियान
रायगढ़ पुलिस के “संस्कारों से युक्त रायगढ़, नशा-सट्टा से मुक्त रायगढ़” अभियान के तहत खरसिया चौकी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन तथा चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
नाबालिग वाहन चालकों पर विशेष निगरानी
स्कूल खुलने के बाद बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चों के दोपहिया वाहन चलाने, बिना हेलमेट सड़क पर निकलने तथा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।
अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को चौकी बुलाकर समझाइश दी जा रही है। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने की अपील करते हुए बताया कि कम उम्र में वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ बच्चों और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
स्कूलों में दी गई नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा की जानकारी
अभियान के तहत विवेकानंद स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, नए आपराधिक कानूनों की जानकारी, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
खरसिया चौकी पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।




