ढिमरापुर रोड लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आदतन बदमाश गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने ढिमरापुर रोड पर हुई लूट की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आदतन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने राह चलते युवक से मारपीट कर ₹15,200 की लूट की थी।


देर रात घर लौटते युवक से मारपीट कर लूट

प्रार्थी त्रिनाथ सामल (31 वर्ष), निवासी ढिमरापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 29 जून को रायपुर से लौटकर देर रात अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे आदित्य मोटर्स के पास दो युवकों ने उसे रोक लिया और पैसे मांगने लगे।

विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर उसे जमीन पर गिरा दिया और जेब से ₹15,200 लूटकर चैतन्य नगर की ओर फरार हो गए


कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला

घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।


पहचान के बाद रामभाठा से दबोचे गए आरोपी

पुलिस ने आरोपियों की पहचान नीरज टोप्पो और शैलेष मिंज, निवासी रामभाठा, जवाहर नगर के रूप में की। दोनों को रामभाठा मुक्तिधाम के पास से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि लूटी गई रकम से वे ओडिशा के झारसुगुड़ा घूमने चले गए थे और अधिकांश पैसे खर्च कर दिए।


एक आरोपी जेल से छूटकर 3 दिन में फिर अपराध में शामिल

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनमें से एक आरोपी हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और मात्र तीन दिन के भीतर ही फिर लूट की वारदात में शामिल हो गया


बरामदगी और गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹700 नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पुलिस अधिकारियों की टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस टीम, निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, पीएसआई प्रिया साहू, एएसआई कोसो सिंह सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


एसएसपी का सख्त संदेश

शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस लूट और चोरी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article