रायगढ़। शहर में मानसून के दौरान होने वाली जलभराव और जल निकासी की समस्याओं को देखते हुए महापौर जीवर्धन चौहान ने रेलवे स्टेशन स्थित होटल पथिक के सामने पैठूडबरी नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर नाले की सफाई कराई और कार्य की पूरी निगरानी की।
चेंबर हटवाकर नाले की सफाई कराई गई
निरीक्षण के दौरान महापौर ने तत्काल चेंबर हटवाकर नाले की सफाई शुरू कराई, ताकि पानी के बहाव में किसी प्रकार की रुकावट न रहे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख नालों और चेंबरों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
जलभराव रोकने के लिए सख्त निर्देश
महापौर ने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू रखा जाए।
सफाई कर्मियों का किया उत्साहवर्धन
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाले के भीतर उतरकर काम कर रहे सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में कार्य करने वाले सफाई कर्मी ही शहर की स्वच्छता के वास्तविक नायक हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी के निर्देश
जीवर्धन चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के पूरे सीजन में संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और जहां भी जल निकासी में बाधा आए, वहां तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जाए।




