बिसरा (ओडिशा)। बिसरा प्रखण्ड अंतर्गत जोबाघाट क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में चरने गए दो बैल, एक गाय और एक कुत्ते की हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
खेत में पहले से गिरी थी हाई टेंशन तार
सूत्रों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7 बजे दो बैल और एक गाय खेत में चरने के लिए गए थे। उनके साथ एक कुत्ता भी मौजूद था। इसी दौरान सभी जानवर खेत में गिरी हुई हाई वोल्टेज बिजली की तार के संपर्क में आ गए, जिससे करंट फैल गया और चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और मांग की है कि टूटे हुए तारों की समय रहते मरम्मत और जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
प्रशासन से जांच और मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर जांच कर पशुपालकों को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में बिजली लाइनों की सुरक्षा जांच करने की भी अपील की गई है।
हादसे की जांच जारी
स्थानीय स्तर पर घटना की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है कि हाई टेंशन तार कैसे टूटकर खेत में गिरा।




