ग्रामीणों की भीड़ से बस्ती के बीच फंसे दो जंगली हाथी, वन विभाग ने संभाला मोर्चा
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र अंतर्गत छर्राटांगर के डोकरबुड़ा गांव में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो जंगली हाथी अचानक रिहायशी इलाके में पहुंच गए। हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
भीड़ के कारण बाहर नहीं निकल सके हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने अनजाने में हाथियों को चारों ओर से घेर लिया, जिससे दोनों हाथी बस्ती और खेत-खलिहानों के बीच घंटों फंसे रहे। बाहर निकलने की कोशिश के दौरान शोर-शराबे और लोगों की मौजूदगी से हाथी असमंजस में इधर-उधर भटकते रहे। स्थिति इतनी संवेदनशील थी कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी और भीड़ को पीछे हटाकर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर निकालने का प्रयास शुरू किया। वन अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
क्षेत्र में बढ़ी हाथियों की आवाजाही
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से घरघोड़ा और आसपास के वन क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है। इससे पहले भी हाथियों के गांवों और खेतों में पहुंचने से फसलों को नुकसान पहुंचा है और कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं, भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधि से बचें। अधिकारियों का कहना है कि सतर्कता और संयम से ही मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।


