रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने भाजपा की आपातकाल को लेकर हुई प्रेसवार्ता और मशाल रैली पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा 50 साल पुराने आपातकाल का मुद्दा उठाकर अपनी वर्तमान विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं पर साधा निशाना
शाखा यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की बदहाली, पेपर लीक, परीक्षा घोटालों और सार्वजनिक उपक्रमों की बिक्री जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। इसके बावजूद भाजपा इन मुद्दों पर मौन है।
“विपक्ष की आवाज दबाना अघोषित आपातकाल”
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं पर चुनिंदा कार्रवाई, सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग और आलोचकों को राष्ट्रविरोधी बताने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह अघोषित आपातकाल नहीं है, तो फिर क्या है।
जनता ज्वलंत मुद्दों पर जवाब चाहती है
शाखा यादव ने कहा कि रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश में प्रदूषण, कानून व्यवस्था, खाद-बीज संकट और महंगाई जैसे मुद्दों पर भाजपा नेताओं को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल भाषणों से नहीं, बल्कि जनता की आवाज सुनने और विपक्ष का सम्मान करने से मजबूत होता है।


