चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में प्रस्तावित ब्लड सेंटर (ब्लड बैंक) का लाइसेंस प्रदान करने से पहले केंद्रीय और राज्य टीम ने गुरुवार को संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण टीम में ईस्ट जोन CDSCO के ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. नागेंद्र कुमार और स्टेट टीम की डीआई डॉ. सोनी बारा शामिल रहीं। टीम ने ब्लड सेंटर की संरचना, कमरे, मशीनें, स्टाफ (मेनपावर) और संचालन से जुड़े सभी मानकों की गहन जांच की।
करीब 5 घंटे तक चले निरीक्षण में ब्लड स्टोरेज और ट्रांसफ्यूजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी विस्तार से परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसीएमएस डॉ. श्याम सोरेन, डॉ. राकेश तांडी, डॉ. प्रिंसी एम, डॉ. सिस्सी सहित अन्य चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे। वहीं, डीआरएम तरुण हुरिया और सीएमएस डॉ. सुब्रत कुमार मिश्र ने निरीक्षण के दौरान दूरी बनाए रखी।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट केंद्र को भेजी जाएगी। केंद्र की अनुमति मिलने के बाद रेलवे अस्पताल में स्वतंत्र ब्लड सेंटर की शुरुआत संभव हो सकेगी।
ब्लड सेंटर के प्रबंधन की जिम्मेदारी शोनित फाउंडेशन को सौंपी जाएगी। फाउंडेशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार झा ने बताया कि ब्लड सेंटर संचालन एक अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसमें सभी मानकों का पालन अनिवार्य होता है।


