CG Board Exam 2026 Revaluation Results: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के परिणाम जारी कर दिए हैं। परिणामों के बाद हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी दोनों की मेरिट सूची में 13-13 नए छात्रों को स्थान मिला है।
हाईस्कूल की मेरिट लिस्ट में 55 छात्र हुए
रिवैल्यूएशन के बाद हाईस्कूल की मेरिट सूची में विद्यार्थियों की संख्या 42 से बढ़कर 55 हो गई है, जबकि हायर सेकेंडरी की मेरिट सूची 43 से बढ़कर 56 विद्यार्थियों तक पहुंच गई है।
छात्रों के साथ हुआ न्याय: बोर्ड
माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करना है। बोर्ड परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थियों द्वारा आवेदन किए जाने के बाद उनकी उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच की गई, जिसके आधार पर संशोधित परिणाम जारी किए गए हैं।
बोर्ड का कहना है कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत उत्तरपुस्तिकाओं की पुनः समीक्षा कर योग्य विद्यार्थियों को उनका उचित स्थान दिया गया है।
10वीं बोर्ड: 661 छात्रों में से 126 के नंबर बढ़े
सचिव साहू ने बताया कि हाईस्कूल पुनर्गणना के लिए 661 आवेदन आए, जिनमें 126 विद्यार्थियों के नंबर बढ़े। 635 आवेदन में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं मूल्यांकन के लिए 6167 आवेदन मिले, जिसमें से 3657 विद्यार्थियों के अंक बढ़े और 2510 विद्यार्थियों के अंक में कोई बदलाव नहीं हुआ।
12वीं बोर्ड: 1208 में से 140 के बढ़े नंबर
इसी तरह हायर सेकंडरी स्कूल में पुनर्गणना के लिए 1208 आवेदन आए थे, जिनमें से 140 छात्रों के नंबर बढ़े। वहीं मूल्यांकन के लिए 11038 आवेदन मिले थे, जिसमें से 6758 विद्यार्थियों के अंकों में बढ़ोतरी हुई।
छात्रों को संशोधन का मिला फायदा
सचिव साहू ने बताया, बोर्ड द्वारा जो नियम संशोधन किया गया है, उसका फायदा विद्यार्थियों को मिला। पहले टोटल 10% अंक बढ़ने पर वृद्धि मानी जाती थी। अब नियम में संशोधन होने के बाद 5% तक अंक बढ़ने पर वृद्धि की जाती है। पहले दसवीं की मेरिट में 42 छात्र थे, जो अब 13 बढ़ जाने से 55 हो गए। वहीं 12वीं की मेरिट सूची में 43 बच्चे थे, अब 13 और बढ़ जाने से 56 छात्र मेरिट में हो गए हैं।