अहमदाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमान टैक्सीवे पर गलत मोड़ के कारण आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
टैक्सीवे पर गलत मोड़ से बनी खतरनाक स्थिति
सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया का विमान लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर जा रहा था, जबकि इंडिगो की मुंबई जाने वाली उड़ान टेकऑफ की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान एयर इंडिया का विमान टैक्सीवे पर गलत दिशा में मुड़ गया और दोनों विमान करीब 200 मीटर की दूरी पर आमने-सामने आ गए।
हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ग्राउंड स्टाफ की सतर्कता से दोनों विमानों को समय रहते सुरक्षित रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
एयर इंडिया ने स्वीकार की चूक
एयर इंडिया ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि उसकी उड़ान AI-2493 लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय अनजाने में गलत मोड़ ले गई। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि इस घटना में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा।
विमान को बाद में टो करके पार्किंग बे तक सुरक्षित पहुंचाया गया और मामले की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है। जांच भी शुरू कर दी गई है।
इंडिगो ने क्या कहा?
इंडिगो ने बताया कि उसकी मुंबई जाने वाली उड़ान 6E-5160 को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा क्योंकि एयर इंडिया का विमान उसके रास्ते में आ गया था। एयरलाइन के अनुसार, दोनों विमान सुरक्षित दूरी पर रुक गए थे और बाद में इंडिगो की फ्लाइट ने सुरक्षित उड़ान भरकर मुंबई में सफल लैंडिंग की।
जांच शुरू, सुरक्षा पर सवाल नहीं
दोनों एयरलाइनों ने घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों विमान A320 श्रेणी के थे। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा बरकरार
गनीमत रही कि समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं हुआ। प्रशासन ने इसे गंभीर परिचालन चूक मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं।


