सरगुजा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के ग्राम सुखरी निवासी किसान अजय राजवाड़े की शिकायत का मात्र 24 घंटे के भीतर समाधान कर दिया गया।
किसान अजय राजवाड़े ने बीज एवं खाद की अनुपलब्धता से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही कृषि विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
विभागीय अधिकारियों की तत्परता से मिला त्वरित समाधान
जांच के दौरान कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे. आलम, समिति प्रबंधक राम भरोस तथा सहायक प्रबंधक श्रीमती भगवती के समन्वित प्रयासों से जिला स्तर पर एनसीएल (न्यू क्रेडिट लिमिट) जारी कर किसान का किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) तैयार कराया गया। इसके बाद किसान को आवश्यक खाद उपलब्ध कराई गई।
24 घंटे में समस्या का निस्तारण, किसान ने जताया आभार
महज 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान होने से किसान अजय राजवाड़े को बड़ी राहत मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 किसानों और आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से बिना किसी परेशानी के समस्याओं का तेज़ समाधान संभव हो रहा है।
सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण
शासन की इस पहल को सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 लगातार जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का माध्यम बनती जा रही है, जिससे आम जनता का शासन पर विश्वास और मजबूत हो रहा है।


