रायगढ़ के चांदमारी विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का अनुशासित आयोजन, शालेय परिवार ने किया योगाभ्यास

Advertisement
Advertisement

योग दिवस पर “करें योग रहें निरोग” संदेश के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी रायगढ़ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन स्वास्थ्य के लिए योग थीम के तहत अनुशासित और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला एवं हायर सेकेंडरी चांदमारी के सह-शालेय परिवार की संयुक्त उपस्थिति रही।


प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने दिया योग का प्रेरक संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्राचार्य श्री भरत लाल नामदेव के “करें योग रहें निरोग” संदेश से हुई। उन्होंने योग को आत्मा और परमात्मा को जोड़ने वाला माध्यम बताते हुए इसके शारीरिक और मानसिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शिक्षा प्रणाली में योग को शामिल किया गया है, इसलिए विद्यार्थियों को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।


ॐ मंत्र उच्चारण के साथ योगाभ्यास की शुरुआत, विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास

इसके बाद श्रीमती सरोज बाला मिश्रा एवं श्री देव कुमार पैंकरा द्वारा ॐ मंत्र के उच्चारण के साथ योगाभ्यास की शुरुआत की गई। उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, कपालभाति, भ्रामरी, बटरफ्लाई एवं अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा उनसे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


डॉ. मनीषा त्रिपाठी का प्रेरणादायक संबोधन, योग को बताया जीवन का आधार

कार्यक्रम में डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने योग पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन, विचार और आत्मा में संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को जागरूक और अनुशासित बनाने की प्रक्रिया है। उन्होंने सभी को नियमित योग करने की प्रेरणा दी और फादर्स डे एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।


धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन

अंत में कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया तथा सभी उपस्थितों को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया।


Advertisement
Share This Article