राउरकेला (ओडिशा), 19 जून 2026 को विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शहर स्तर पर खेलो इंडिया महिला अस्मिता साइकिलिंग लीग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों की महिला प्रतिभागियों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेक्टर-13 से शुरू हुई साइकिल रैली, शहरभर में दिखा खेल उत्साह का माहौल
यह साइकिल रैली सेक्टर-13 मिलन मैदान से शुरू होकर सेक्टर-7/17 चौराहे होते हुए पुनः सेक्टर-13 में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। रैली के दौरान शहर में खेल और स्वास्थ्य को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

खेलो इंडिया, फिट इंडिया और साइक्लिंग एसोसिएशन की संयुक्त पहल
यह आयोजन भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), फिट इंडिया, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) और ओडिशा साइक्लिंग एसोसिएशन के सहयोग से किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने किया रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस निरीक्षक क्षितिज चंद्र पात्रा, सुंदरगढ़ DAA के उपाध्यक्ष राधा मोहन नायक और ओडिशा साइक्लिंग एसोसिएशन के संयुक्त सचिव गोपीनाथ पांडा मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

खेल और स्वास्थ्य पर दिया गया संदेश, आयोजन को मिली सराहना
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि साइक्लिंग न केवल एक खेल है, बल्कि यह स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी है। कार्यक्रम में DAA के वरिष्ठ सदस्य अरविंद पात्रा, बिबुदत्त बेहरा, इस्पात कॉलेज के प्रोफेसर सुब्रत भंज, उदित नगर हाई स्कूल के PE शिक्षक आशीष प्रिंसिपल, REC हाई स्कूल के PE शिक्षक अजय कुमार राउत और YMFI के महासचिव विवेकानंद दास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सफल आयोजन और समन्वय में कई खिलाड़ियों की भूमिका
यह प्रतियोगिता गोपीनाथ पांडा की देखरेख में संपन्न हुई, जबकि आरती चौधरी ने कार्यक्रम का समन्वय किया। साइक्लिस्ट रश्मिता कर, राष्ट्र बनर्जी, प्रमोद कुमार बेहरा, रिया कुमारी, शिवानी, सुरेन पाल, सची पंडा और गीता बनर्जी सहित कई प्रतिभागियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।


