रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट से स्क्रैप पाइप चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 06 जून 2026 की रात कंपनी प्रबंधन द्वारा थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि स्क्रैप यार्ड से लगभग 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 08 हजार रुपये है, चोरी हो गया है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 135/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कर्मचारियों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र के जरिए जानकारी जुटाई। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी किया गया माल जंगल क्षेत्र में छिपाया गया है और आरोपी उसे बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से फ्लाई ऐश (डस्ट) के भीतर स्क्रैप पाइप छिपाकर उसे प्लांट से बाहर निकाला था। इस वारदात में प्लांट के जेसीबी ऑपरेटर, लोडर चालक और ट्रेलर चालक की भी संलिप्तता पाई गई। बाद में चोरी का माल गेरवानी और तराईमाल क्षेत्र के जंगल में छिपाया गया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तराईमाल जंगल से 300 किलो स्क्रैप पाइप और ईको वाहन (CG 13 BH 7556) बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9,08,000 रुपये आंकी गई है।




