जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप, लंबे समय तक बहाने बनाकर करता रहा गुमराह
रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में जमीन विक्रय के नाम पर 27 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में पुसौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पंचायत सचिव भीचरण पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जमीन बेचने का झांसा देकर शिकायतकर्ता से लाखों रुपये लेकर उसे वर्षों तक गुमराह किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
35 लाख में तय हुआ था सौदा, 27 लाख रुपये अग्रिम लेने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लिंजिर निवासी इंद्रजीत वर्मा ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान ग्राम बघनपुर निवासी भीचरण पटेल से बचपन से थी। आरोपी ने स्वयं को एक भूमि का स्वामी बताते हुए ग्राम कोडातराई स्थित जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया था।
शिकायत के मुताबिक 16 सितंबर 2022 को दोनों के बीच 35 लाख रुपये में जमीन का सौदा तय हुआ, जिसके एवज में शिकायतकर्ता ने आरोपी को 27 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दे दिए। इस दौरान स्टाम्प पेपर पर लिखापढ़ी भी की गई थी।
किसान किताब और दस्तावेज दिखाकर जीतता रहा भरोसा, जांच में खुली हकीकत
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने किसान किताब सहित अन्य दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया कि नामांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही रजिस्ट्री करा दी जाएगी। लेकिन लंबे समय तक टालमटोल करने पर जब शिकायतकर्ता ने तहसील कार्यालय में जानकारी ली तो पता चला कि संबंधित भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है।
इस खुलासे के बाद शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा।
रुपये लौटाने के लिए दिए तीन चेक, सभी हुए बाउंस
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता के दबाव बनाने पर आरोपी ने 5 लाख रुपये का एक चेक और 11-11 लाख रुपये के दो अन्य चेक दिए। हालांकि बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर तीनों चेक अनादृत हो गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जनवरी 2025 में आरोपी ने केवल 1 लाख रुपये लौटाए, जबकि शेष राशि वापस नहीं की गई।
जांच में मिले साक्ष्य, आरोपी को भेजा गया जेल
मामले की जांच के दौरान पुलिस को शिकायत के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके आधार पर थाना पुसौर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी भीचरण पटेल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
संपत्ति खरीदने से पहले दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूमि या संपत्ति का सौदा करने से पहले संबंधित दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि आर्थिक अपराध और संपत्ति से जुड़ी धोखाधड़ी के मामलों में रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।


