छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने सौंपा 4 सूत्रीय ज्ञापन, सीमित परीक्षा भर्ती और वेतन विसंगति पर उठाई मांग

Advertisement
Advertisement

खरसिया/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह तथा लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी से मुलाकात कर 4 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्राचार्य पदों की भर्ती प्रक्रिया, समयमान वेतनमान, पदोन्नति व्यवस्था और NPS-OPS से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्राचार्य पदों पर 10 प्रतिशत सीमित परीक्षा भर्ती का मुद्दा

फेडरेशन ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती एवं पदोन्नति नियम 5 मार्च 2019 तथा 13 फरवरी 2026 के अनुसार प्राचार्य के स्वीकृत पदों में 90 प्रतिशत पद पदोन्नति से और 10 प्रतिशत पद सीमित विभागीय परीक्षा के माध्यम से भरे जाने का प्रावधान है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार 90 प्रतिशत कोटे के तहत पदोन्नति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन 10 प्रतिशत कोटे के तहत भर्ती अभी लंबित है। इस भर्ती को लोक सेवा आयोग के माध्यम से किए जाने का प्रावधान है, जिस पर सकारात्मक चर्चा हुई है।

समयमान वेतनमान और वेतन विसंगति का मुद्दा

फेडरेशन ने सहायक शिक्षक संवर्ग को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान दिए जाने की मांग दोहराई। साथ ही सीमित विभागीय परीक्षा से चयनित प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक को समयमान वेतनमान नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।

फेडरेशन के अनुसार वर्तमान स्थिति में प्राथमिक शाला के प्रधान पाठकों का वेतन माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठकों से अधिक हो गया है, जिससे गंभीर वेतन विसंगति उत्पन्न हो रही है। इस पर कई बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है।

NPS और OPS पर सेवानिवृत्ति लाभ को लेकर चर्चा

फेडरेशन ने NPS और OPS प्रणाली के बीच सेवानिवृत्ति लाभ को लेकर अनिश्चितता पर भी चिंता जताई। संगठन का कहना है कि NPS के तहत नवंबर 2012 से कर्मचारी और सरकार दोनों का 10 प्रतिशत अंशदान जमा हो रहा है, जबकि OPS को 1 अप्रैल 2022 से लागू किया गया है।

फेडरेशन ने मांग की है कि OPS व्यवस्था को नवंबर 2012 से लागू माना जाए ताकि कर्मचारियों को उचित सेवानिवृत्ति लाभ मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल पदाधिकारी

इस प्रतिनिधिमंडल में राजेश चटर्जी (प्रांताध्यक्ष), सतीश ब्यौहरे (प्रमुख महामंत्री), आकाश राय (महामंत्री), पवन सिंह (उपाध्यक्ष), दयालूराम साहू (धमतरी), पी.आर. झाड़े (राजनांदगांव), देवमणी साहू (रायपुर), चंचल द्विवेदी (दुर्ग), नीलम सोनी (सचिव), विनोद कुमार ठाकुर, सीताराम साहू, रोम रात्रे, लक्ष्मीकांत तिवारी एवं देवेंद्र साहू सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article