रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तिलक ब्रिज-शकूरबस्ती सेक्शन का किया निरीक्षण, हाइड्रोजन ट्रेन और आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा

Advertisement
Advertisement

नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को उत्तर रेलवे के तिलक ब्रिज-शकूरबस्ती रेल सेक्शन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं और प्रगति कार्यों की समीक्षा की तथा शकूरबस्ती डिपो में आधुनिक मेंटेनेंस सुविधाओं का जायजा लिया।

शकूरबस्ती डिपो में अत्याधुनिक तकनीकों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री शकूरबस्ती स्टेशन और डिपो पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रेनों और इंजनों के रखरखाव में उपयोग की जा रही अत्याधुनिक ‘रिट्रेक्टेबल ओएचई’ प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने बोगी पिट और बोगी लिफ्टिंग सुविधाओं का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को रखरखाव कार्यों में और अधिक दक्षता लाने के निर्देश दिए।

हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना की प्रगति का लिया फीडबैक

दौरे का प्रमुख आकर्षण हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना रही। रेल मंत्री ने हाइड्रोजन ट्रेन का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। यह तकनीक भारतीय रेल को पर्यावरण अनुकूल और प्रदूषण मुक्त परिवहन प्रणाली की दिशा में आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेल मंत्री ने शकूरबस्ती डिपो परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण अभियान में भाग लिया।

शत-प्रतिशत विद्युतीकरण की दिशा में तेजी से बढ़ रही भारतीय रेल

रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेल देशभर में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के लक्ष्य की ओर तेजी से काम कर रही है। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। भारतीय रेल का यह प्रयास देश को नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

निरीक्षण के दौरान उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम), रेलवे बोर्ड तथा उत्तर रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रेल मंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

Advertisement
Share This Article