CM साय की बड़ी घोषणा: आदिवासी-गोंडवाना समाज के सामुदायिक भवनों के लिए 6 करोड़ की स्वीकृति, विधायक की पहल सफल

Advertisement
कोंडागांव जिले के बड़ेकनेरा में सीएम साय ने केशकाल में सर्व आदिवासी समाज और विश्रामपुरी में गोंडवाना समाज के लिए 3-3 करोड़ रुपये के सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
केशकाल। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोंडागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा में आयोजित सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। इस दौरान केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम द्वारा रखी गई दो महत्वपूर्ण मांगों पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सहमति जताते हुए केशकाल में सर्व आदिवासी समाज और विश्रामपुरी में गोंडवाना समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 3-3 करोड़ रुपये की घोषणा की। इस घोषणा से सर्व आदिवासी एवं गोंडवाना समाज में हर्ष का माहौल है।

सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
इस अवसर पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और उनके सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि, सर्व आदिवासी समाज और गोंडवाना समाज के लिए सामुदायिक भवनों की घोषणा क्षेत्र के सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विकास कार्यों की नई-नई सौगातें प्राप्त होती रहेंगी- टेकाम 
विधायक टेकाम ने आदिवासी समाज की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री का स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद केशकाल विधानसभा क्षेत्र की जनता को लगातार मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि, आने वाले समय में भी क्षेत्र को इसी प्रकार विकास कार्यों की नई-नई सौगातें प्राप्त होती रहेंगी।

Share This Article