शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया सर्वोच्च बलिदान
नारायणपुर में शहीद जवान पंकज सूर्यवंशी की पुण्यतिथि पर रविवार को शहीद पंकज सूर्यवंशी चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने शहीद के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

नक्सल विरोधी अभियान में वीरगति को प्राप्त हुए थे पंकज सूर्यवंशी
शहीद पंकज सूर्यवंशी का जन्म 31 अगस्त 1992 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 2010 में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। बाद में 26 अगस्त 2011 को आरक्षक पद पर नियुक्त हुए। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वर्ष 2013 से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) में अपनी सेवाएं दे रहे थे और नक्सल विरोधी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

31 मई 2014 को छोटेटोंडेबेड़ा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस टीम के सदस्य के रूप में उन्होंने वीरता और साहस का परिचय देते हुए कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति प्राप्त की थी।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं शहीद का बलिदान
इस अवसर पर रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि शहीद पंकज सूर्यवंशी का बलिदान पुलिस परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनका साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना सदैव जवानों और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

नारायणपुर पुलिस ने अपने सभी शहीद जवानों के त्याग, समर्पण और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए दिए गए ऐसे बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
“शहीद कभी मरते नहीं, वे राष्ट्र की स्मृतियों और प्रेरणाओं में सदैव जीवित रहते हैं।”
शत्-शत् नमन वीर शहीद जवान पंकज सूर्यवंशी।


