सूरजपुर@कौशलेन्द्र यादव । देवनगर में सर्वसमाज गैर-राजनीतिक संगठन के तत्वावधान में पेसा कानून के प्रति जनजागरूकता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों को पेसा कानून के तहत प्राप्त अधिकारों, ग्राम सभा की शक्तियों एवं स्थानीय स्वशासन से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पेसा कानून ग्रामीणों को करता है सशक्त : डॉ. आर.एस. सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आर.एस. सिंह ने कहा कि पेसा कानून अनुसूचित क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को सशक्त बनाने वाला एक महत्वपूर्ण कानून है। इसके माध्यम से ग्राम सभाओं को जल, जंगल और जमीन से जुड़े विषयों पर निर्णय लेने का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने संवैधानिक अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है, तभी वे इन अधिकारों का प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।
ग्राम सभाओं को मजबूत बनाने का है उद्देश्य : रामजीत पनिका
रामजीत पनिका ने कहा कि पेसा कानून ग्राम स्वराज और स्थानीय स्वशासन की अवधारणा को मजबूत करता है। यह कानून ग्रामीणों को विकास योजनाओं और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग में व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है ताकि प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सके तथा गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सके।
बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाज के प्रबुद्धजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में देवनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्हें पेसा कानून से संबंधित विभिन्न प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सर्वसमाज संगठन के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने पेसा कानून के संबंध में जानकारी प्राप्त कर इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


