प्रेम प्रसंग बना खूनी विवाद, युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, नाबालिग सहित 3 गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाम जूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

मृतक की पहचान सुशील खलखो (34) निवासी ग्राम जाम जूनवानी के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में जयलाल एक्का (34), जयमन एक्का (36) और एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत किशोर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

प्रेम संबंध को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी विवाद को लेकर पहले भी मामला थाने तक पहुंच चुका था और मृतक जेल भी गया था। करीब डेढ़ महीने पहले जमानत पर बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी थी।

ग्रामीणों के अनुसार सामाजिक बैठक में आरोपी की पत्नी ने सुशील खलखो के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वह मृतक के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष में लगातार नाराजगी बनी हुई थी।

रात में घर के बाहर किया हमला

घटना 27 मई 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सरपंच की पत्नी जानकी लकड़ा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने घर के बाहर शोर सुनकर देखा कि आरोपी जयलाल एक्का, जयमन एक्का और नाबालिग किशोर मिलकर सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने मृतक का सिर जमीन पर पटक दिया और पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कर जांच शुरू की गई। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Advertisement
Share This Article