गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: नायब तहसीलदार से मारपीट पर भड़के अफसर, विधायक के खिलाफ दो शिकायत पत्र

By
Advertisement
Advertisement

सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर राजपुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। इस घटना के विरोध में जिले के राजस्व अधिकारियों ने एक साथ दो मोर्चे खोल दिए हैं। एक शिकायत राज्यपाल को भेजी गई है, वहीं दूसरी राजस्व विभाग को भेजकर 7 दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

घटना 27 मई 2026 की है। राजपुर उप तहसील में विधायक रामकुमार टोप्पो अपने पिता सहस्वराम टोप्पो की राजस्व संबंधी समस्या लेकर समर्थकों के साथ पहुंचे थे। बातचीत के दौरान नायब तहसीलदार तुषार मानिक से विवाद बढ़ा और आरोप है कि विधायक व उनके कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। अधिकारियों का कहना है कि यह सीधे तौर पर शासकीय कार्य में बाधा डालना है।

राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग
समस्त राज्य प्रशासनिक सेवा एवं राजस्व अधिकारी/कर्मचारी, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल रमेन डेका को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया कि यह कृत्य निंदनीय है और शासन-प्रशासन की गरिमा के खिलाफ है। दोषियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई कर राजस्व अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इस पत्र पर SDM पेण्ड्रारोड, तहसीलदार मरवाही और तहसीलदार पेण्ड्रा समेत कई अधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

7 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी 
वहीं छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की जिला शाखा ने भी राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र भेजा है। संघ ने 28 मई को बैठक कर घटना की निंदा की थी। पत्र में साफ कहा गया है कि यदि 7 दिन के भीतर विधायक व उनके समर्थकों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संघ आंदोलन करने को मजबूर होगा। संघ का कहना है कि ऐसी घटनाओं से अधिकारियों का मनोबल गिरता है।

अधिकारियों में आक्रोश
दोनों पत्रों में एक सुर में कहा गया है कि लोक सेवक के साथ मारपीट “माफी के योग्य नहीं” है। अधिकारियों ने इसे संपूर्ण राजस्व अमले का अपमान बताया है। मांग की गई है कि दोषियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Advertisement
Share This Article