राउरकेला (28 मई 2026)। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में किसानों की आय बढ़ाने और उनके उत्पादों को सीधे बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से एक नई पहल “मैंगो ऑन व्हील्स” का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 10K FPO पहल के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों की आजीविका को मजबूत करना और कृषि उत्पादों की बाजार पहुंच को बेहतर बनाना है।
इस अवसर पर ओडिशा सरकार के पंचायती राज, पेयजल एवं ग्रामीण विकास मंत्री Rabi Narayan Naik ने “मैंगो ऑन व्हील्स” रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने मदर डेयरी, दिल्ली के लिए आम निर्यात की शुरुआत भी की।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ, बिचौलियों की भूमिका होगी खत्म
यह पहल ओरमास सुंदरगढ़ और जिला प्रशासन द्वारा मिलकर शुरू की गई है। इसके तहत लेफ्रीपाड़ा, बनई, नुआगांव, सबडेगा और लहुनीपाड़ा क्षेत्रों के किसान उत्पादक संगठन (FPO) प्राकृतिक रूप से पके आम, लीची और तरबूज जैसे फलों को एकत्र कर रहे हैं।
इन उत्पादों को “गांव अंब पासरा” और ओरमास आउटलेट के माध्यम से सीधे बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हो रही है और किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है।
जिला प्रशासन की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम में जिला मजिस्ट्रेट शुभंकर महापात्रा, जिला परिषद के सीईओ सुरंजन कुमार साहू, पूर्व विधायक शंकर ओराम, ओरमास के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी केशव झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रखंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि यह पहल किसानों को संगठित बाजार से जोड़ने और उनकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




