अंबिकापुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और हाईवे पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मणीपुर और लखनपुर क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान हाईवे एसडीओ निखिल लकड़ा, आरटीओ अधिकारी बंटी द्विवेदी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कैवर्त्य, थाना प्रभारी मणीपुर उपनिरीक्षक सीपी तिवारी और थाना प्रभारी लखनपुर सम्पत पोटाई मौजूद रहे।
ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य के निर्देश
निरीक्षण के दौरान दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को रोड मार्किंग, स्पीड ब्रेकर, ट्रांसपोर्ट स्टॉपर, स्पीड लिमिट बोर्ड, दिशा-सूचक बोर्ड, सावधानी संकेतक और अन्य सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सड़क किनारे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए क्रेडा विभाग को पत्राचार कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की बात कही गई।
ग्राम पंचायतों के सहयोग से चलेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय बनाकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों का कहना है कि ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत होने से हादसों में कमी आएगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।



