चिटफंड घोटाले में सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

Advertisement

निवेशकों को दोगुना रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई

डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर सरगुजा पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरणों में फरार एवं संलिप्त आरोपियों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस ने इनामी चिटफंड एवं धन परिचालन स्कीम से जुड़े मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

‘वेलफेयर बिल्डिंग एंड एस्टेट प्रा. लि.’ पर करोड़ों की ठगी का आरोप

मामले में प्रार्थी देवराज यादव ने 04 सितंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वेलफेयर बिल्डिंग एंड एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, नमनाकलां द्वारा निवेशकों को रकम दोगुना करने का झांसा देकर पैसे जमा कराए गए और बाद में कंपनी बंद कर दी गई।

जांच में सामने आया कि कंपनी में करीब 9,26,60,554 रुपये का निवेश किया गया था। आरोप है कि कंपनी के डायरेक्टरों और पदाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर कार्यालय खोलकर, एजेंटों के माध्यम से कमिशन आधारित नेटवर्क तैयार कर आम लोगों से धन एकत्र किया।

धोखाधड़ी और अवैध धन परिचालन का मामला दर्ज

पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि बिना आरबीआई या सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के धन संग्रह किया गया और निवेशकों को फर्जी बांड पेपर देकर भ्रमित किया गया।

इसके आधार पर ईनामी चिट और धन परिचालन स्कीम (पाबंदी) अधिनियम 1978 की धारा 4, 5, 6 तथा छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण नियम 2005 की धारा 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और दस्तावेज जब्त

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अखिलेश कुमार प्रजापति (56 वर्ष, झारखंड) और बलराम पाठक (64 वर्ष, झारखंड) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने कंपनी में पदाधिकारी के रूप में कार्य करने और प्रचार-प्रसार में सहयोग करने की बात स्वीकार की।

आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग कंपनी के संचालन और संपर्क में किया जाता था।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को 27 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस की टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सउनि अभिषेक दुबे, आरक्षक रिषभ सिंह, अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, अतुल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article