नियम विरूद्ध रेत उत्खनन पाये जाने पर 1 चैन माउंटेड मशीन जब्त
बलरामपुर, 27 मई 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज अमला द्वारा विकासखण्ड रामचन्द्रपुर के ग्राम पंचायत धौली लिबरा में संचालित रेत खदान का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचना अनुसार कन्हर नदी के किनारे 1 चैन माउंटेड मशीन रेत उत्खनन में संलिप्त पाये जाने पर जब्त किया गया।
खनिज अधिकारी श्री राहुल गुलाटी ने जानकारी दी है कि जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पचावल स्थित पांगन नदी में वर्तमान में 03 खदान स्वीकृत एवं संचालित है। परन्तु विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचना अनुसार पचावल रेत खदान में नियम के विपरीत मशीन से उत्खनन कार्य किया जा रहा था। जिस पर खनिज अमला द्वारा उक्त क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए पांगन नदी किनारे पोकलेन मशीन पाये जाने पर रेत उत्खनन में संलिप्तता के आधार पर जब्त किया गया है।
खनिज अधिकारी ने बताया कि पूर्व में जिले के रामानुजगंज, रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पचावल स्थित पांगन नदी से गौण खनिज साधारण रेत का अवैध खनन कर रैम्प/रास्ता बनाते हुये पाये जाने एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये जाने के कारण जेसीबी वाहन को जब्त किया गया तथा उसमें शास्ति/समझौता 100000 (एक लाख रुपये मात्र) चालान के माध्यम से शासकीय कोष में जमा कराया गया। ग्राम पचावल से ही गौण खनिज रेत का अवैध भण्डारण करते पाये जाने एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये जाने के कारण एक जेसीबी एवं हाइवा वाहन जप्त कर कार्यवाही की गई। तथा उसमें शास्ति/समझौता 42850 (बयालीस हजार आठ सौ पचास रूपयें मात्र) चालान के माध्यम से शासकीय कोष में जमा कराया गया।
उन्होंने बताया कि खनिज अमला द्वारा राजपुर, बरियों एवं शंकरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत महान नदी एवं गलफूला नदी में माह मई 2026 में 19 वाहनों को खनिज रेत का अवैध परिवहन में जप्त कर राजपुर और बरियों थाना/चौकी तथा पुलिस सहायता केन्द्र डिपाडीह के सुरक्षार्थ में दिया गया है।
जिले के विभिन्न अवैध परिवहन/अवैध उत्खनन/अवैध भण्डारण को चिन्हाकित करते हुए, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 152 प्रकरण दर्ज किये गये हैं, जिसमें 142 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 3502524 रूपये वसूली किया गया है। तथा 10 दर्ज प्रकरणों में नोटिस जारी किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 12 प्रकरण दर्ज किये गये हैं, जिसमें 06 प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 178880 रुपये वसूली किया गया है तथा 06 दर्ज प्रकरणों में नोटिस जारी किया गया है। वर्तमान में अवैध परिवहन/अवैध उत्खनन/अवैध भण्डारण में निरंतर कार्यवाही जारी है।


